Thursday, September 19, 2024

27.1 C
Delhi
Thursday, September 19, 2024

HomeBlogभीषण हादसे में 18 लोगों को गवानी पड़ी अपनी जान, राष्ट्रपति और...

भीषण हादसे में 18 लोगों को गवानी पड़ी अपनी जान, राष्ट्रपति और पीएम समेत कई बड़े नेताओं ने व्यक्त की अपनी सवेंदना

उन्नाव। जिले में एक डबल डेकर बस के दूध के टैंकर से टकराने के बाद 18 लोगों की मौत हो गई और 19 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा आज सुबह 5:15 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर लोगों की चीख-पुकार मच गई। दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने अपनी सवेंदना व्यक्त की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की अपनी गहरी संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हुई इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुखद बताया। राष्ट्रपति भवन की ओर से सोशल मीडिया हेंडल पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। राष्ट्रपति ने इस दुखद दुर्घटना में मृतकों के परिवार के प्रति अपना दुःख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि मैं इस तरह की आकस्मिक मृत्यु के शिकार लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

घायलों और हादसे में मारे गए लोगों को कितनी मिलेगी अनुग्रह राशि ?

हादसे पर पीएमओ ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद में जुटा है। प्रधानमंत्री ने उन्नाव में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के साथ साथ घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।

दुर्घटना पर कांग्रेस ने भी जताया शोक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई दुखद घटना पर अपना दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि “उन्नाव के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि “हम पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों की मदद में कोई कसर न छोड़े। इंडिया पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील है कि पीड़ितों की हर संभव मदद करें।

हादसे को लेकर सीएम योगी ने क्या दिए निर्देश ?


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और जिला प्रशासन को घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की। एक्स पर सीएम आदित्यनाथ ने लिखा, “उन्नाव जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।इस बीच, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घायलों से मिलने उन्नाव के अस्पताल पहुंचे। डिप्टी सीएम ने घायलों को उचित उपचार का आश्वासन दिया।

क्या है पूरा मामला ?


बता दें, प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमे डबल डेकर बस एक टैंकर से टकरा गई। टकराने के बाद हाईवे पर बस कई बार पलटी। इस भीषण हादसे में 18 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 19 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, डबल डेकर बस (UP95 T 4720) बिहार के शिवगढ़ से राजधानी दिल्ली जा रही थी। जैसे ही स्लीपर बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बेहटा मुजावर थाना इलाके में हवाई पट्टी पर पहुंची तो दूध से भरे टैंकर में भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज़ थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां लाशों का ढ़ेर लग गया। सड़क पर हर तरफ लाश ही लाश दिखाई दे रहीं थीं। मौके पर लोगों की चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक बच्चे और महिलाओं समेत 18 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जिनका उपचार चल रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

error: Content is protected !!