Friday, October 18, 2024

31.1 C
Delhi
Friday, October 18, 2024

Homeबड़ी खबरBihar Flood Alert: बिहार में बाढ़ से मचा कोहराम, पांच लोग डूबे,...

Bihar Flood Alert: बिहार में बाढ़ से मचा कोहराम, पांच लोग डूबे, कई जिलों में घुसा पानी

Bihar Flood Alert: नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण बिहार पर इसका अच्छा खासा असर दिखाई दे रहा है। पडोसी देश में हो रही है मूसलाधार बारिश के कारण बिहार की कोसी नदी एक दम से उफान पर है। जिसके कारण दरभंगा जिले के किरतपुर प्रखंड के भुभोल गांव के समीप कोसी नदी का पश्चिमी तटबंध करीब 10 मीटर की दूरी में टूट गया। इस तटबंध के टूटने से आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बढ़ते पानी के जलस्तर से पानी तेजी से गांवों और खेतों में फैल रहा है, जिससे लोगों को जान-माल का नुकसान होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। बचाव और राहत कार्य तेजी से शुरू किए जा रहे हैं।

Bihar Flood Alert: बाढ़ से कई इलाके हुए प्रभावित

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, पश्चिमी तटबंध पर करीब आठ नौ किलोमीटर में तीन से चार फीट पानी बह रहा है। जिलाधिकारी राजीव रोशन ने बताया कि किरतपुर के आठ पंचायत के लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए माइकिंग की गई है। इस पानी से कुशेश्वरस्थान, घनश्याम पुर, गोडाबोराम का इलाका प्रभावित होगा। इसके अलावा, उत्तर बिहार में छह अन्य तटबंध भी टूट गए। इनमें सीतामढ़ी के तीन, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और शिवहर में एक-एक शामिल हैं। पश्चिम चंपारण में एक सुरक्षा बांध भी ध्वस्त हो गया।

नेपाल में भारी वर्षा के कारण बिहार में कोसी नदी और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे सैकड़ों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हजारों एकड़ में फैली फसलें पानी में डूब चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। लाखों की आबादी इस बाढ़ से प्रभावित है, और हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में अपने घरों को छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं।

Bihar Flood Alert: कितना क्यूसेक पानी छोड़ा गया ?

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाल्मीकिनगर बराज से 3.61 लाख क्यूसेक और मधुबनी में कोसी बराज से 6.68 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे नदियों का जलस्तर और भी बढ़ गया है। प्रशासन ने बचाव और राहत कार्यों को तेज कर दिया है, और प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। जोगबनी स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर ज्यादा पानी लगने से छह घंटे ट्रेनों का परिचालन  पूर्ण रूप से बाधित रहा। इस बीच पूर्व बिहार, कोसी व सीमांचल में पांच लोग डूब गए।  बढ़ते हुए नदियों के जलस्तर को देखते हुए 20 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और वहीं दरभंगा में कोसी बांध में कई जगह रिसाव हो रहा है।

Bihar Flood Alert: सीतामढ़ी तक पहुंचा बाढ़ का पानी

बिहार के बगहा शहर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जबकि सीतामढ़ी शहर में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सीतामढ़ी के बेलसंड प्रखंड में बागमती नदी का तटबंध 80 फीट की दूरी पर टूट गया है, जिससे लगभग एक लाख की आबादी प्रभावित हो गई है। 

बेलसंड में बागमती का बायां तटबंध रात करीब साढ़े आठ बजे टूट गया, जबकि यहां सुबह से ही तटबंध में रिसाव की समस्या थी। इससे आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है, जिससे लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया है और प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

 बढ़ते जलस्तर के कारण बगहा-एक प्रखंड में रजवटिया-रतवल बांध गंडक के पानी के दबाव में खैरटवा गांव के पास टूट गया। जिसके कारण लगभग 30 हजार की आबादी प्रभावित है। सिकटा प्रखंड के बलरामपुर में ओरिया नदी का सुरक्षा बांध बुरी तहर से नष्ट हो गया है। 

Bihar Flood Alert: 25 हजार एकड़ फसल डूब गई है

बिहार के शिवहर जिले में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। रविवार की रात तरियानी छपरा में बागमती का तटबंध मध्य विद्यालय के पास 20 फीट में टूट गया। तरियानी प्रखंड में तीन अन्य जगहों पर भी तटबंधों में रिसाव हो रहा है, जिससे जिले के 20 गांवों में छह हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बागमती नदी के कहर से यहां 25 हजार एकड़ फसल भी डूब गई है।

पूर्वी चंपारण में, फुलवार उत्तरी पंचायत के दुधौरा नदी का दायां तटबंध करीब 15 फीट में टूट गया है। साथ ही, घोड़ासहन प्रखंड में टेका पुल के पास बना डायवर्सन भी ध्वस्त हो गया है।

बगहा में 40 गांवों की लगभग 30 हजार आबादी प्रभावित है, और 10 हजार एकड़ में फसलें डूब गई हैं। मधुबनी में 25 गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे करीब 1।5 लाख लोग प्रभावित हैं और लगभग 15 हजार एकड़ फसलें नष्ट हो गई हैं। दरभंगा में भी स्थिति चिंताजनक है, जहां 100 से अधिक गांवों में एक लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में सहायता सामग्री भेजी जा रही है।

Bihar Flood Alert: 50 से अधिक सड़कों को हुई नष्ट

बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। बांका जिले में रामचुआ नहर के दो फीट टूटने से 50 एकड़ में धान की फसल डूब गई है। सुपौल स्थित कोसी बराज पर रविवार रात को 3,31,385 क्यूसेक जलस्राव दर्ज किया गया। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के कुसहा गांव में सुरक्षा बांध टूटने से 600 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं।

सहरसा जिले के नवहट्टा और महिषी प्रखंड में कोसी नदी ने ग्रामीण कार्य विभाग की 50 से अधिक सड़कों को नष्ट कर दिया है, और पूरे इलाके की सड़कों पर पांच फुट तक पानी बह रहा है। कोसी बराज के सभी 56 गेट खुले हुए हैं, जिससे जलस्तर और बढ़ गया है।

खगड़िया में कोसी और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गोपालगंज जिले के सदर प्रखंड के साथ-साथ मांझा, बरौली, सिधवलिया और बैकुंठपुर प्रखंड के निचले इलाकों के 20 गांवों में गंडक नदी का पानी प्रवेश कर गया है। इस बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं, और कई जगहों पर फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

error: Content is protected !!