फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ विवाद की अटकलों को खारिज कर दिया है। दरअसल, बीते दिन एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मैक्रों दंपती वियतनाम पहुंचे थे। वीडियो में विमान से उतरने से पहले ब्रिजिट मैक्रों को राष्ट्रपति के चेहरे को दोनों हाथों से पीछे की तरफ धकेलते हुए दिखाया गया था। वियतनाम मैक्रों के दक्षिण पूर्व एशिया के दौरे का पहला पड़ाव है। यहां वे फ्रांस को अमेरिका और चीन की जगह एक विश्वसनीय विकल्प के रूप में पेश करेंगे। यह लगभग एक दशक में किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति का पहला दौरा है। मैक्रों इंडोनेशिया और सिंगापुर का भी दौरा करेंगे।
घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मैक्रों ने मामले को बेवजह में तूल दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘मैं और मेरी पत्नी झगड़ रहे थे। हलांकि, यह बहस कम मजाक ज्यादा था। हम बस मजाक कर रहे थे। मैं आश्चर्यचकित था।’ फ्रांसीसी नेता ने 2007 में ब्रिगिट से शादी की थी। उनकी मुलाकात हाई स्कूल में हुई थी। ब्रिगिट वहां पढ़ाती थीं। उन्होंने कहा, ‘मामला अब एक तरह की आपदा बन गई है। कुछ लोग तो सिद्धांतों की बातें भी कर रहे हैं।
गलत सूचना फैलाने वालों को जिम्मेदार ठहराया
मैक्रों ने वीडियो को लेकर हो रहे हंगामे को गलत सूचना फैलाने वालों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का मकसद उस हल्के-फुल्के पल को खराब कराना था। राई का पहाड़ बना देना था। उन्होंने चिंता जताई कि हाल के हफ्तों में यह पहली बार नहीं था। उनके वीडियोज़ को पहले भी तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने ऐसे लोगों को पागल कहा था।
रूसियों और फ्रांस में चरमपंथियों को घेरा
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘वीडियो में मैंने एक टिशू लिया, किसी से हाथ मिलाया और अपनी पत्नी के साथ मजाक किया। ऐसा हम अक्सर करते हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं।’ उन्होंने ऐसे नेटवर्क को दोषी ठहराया, जिसका पता लगाना काफी आसान है। उनका इशारा रूसियों और फ्रांस में चरमपंथियों की ओर था।
वायरल वीडियो में क्या?
यह वीडियो रविवार शाम का है, जब राष्ट्रपति मैक्रों वियतनाम के हनोई शहर पहुंचे। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान का दरवाजा खुलते ही एक यूनिफॉर्म में अधिकारी दरवाजा खोलता है। तभी एक महिला के हाथ (लाल जैकेट में) अचानक सामने आते हैं और राष्ट्रपति मैक्रों के चेहरे को दोनों हाथों से हल्का धक्का देते हैं – एक हाथ उनके मुंह और नाक पर होता है, दूसरा उनके जबड़े पर। इस अप्रत्याशित हरकत से मैक्रों थोड़े चौंक जाते हैं और पीछे हटते हैं, लेकिन फिर जल्दी से मुस्कुरा कर कैमरे की ओर हाथ हिलाते हैं। इसके बाद दोनों पति-पत्नी सीढ़ियों से नीचे आते हैं, हालांकि ब्रिजिट इमैनुएल मैक्रों की तरफ से आगे बढ़ाए गए हाथ को पकड़ने से इनकार करती देखी जा सकती हैं।
राष्ट्रपति कार्यालय ने क्या दिया स्पष्टीकरण?
जब यह मामला सुर्खियों में आया, तो फ्रांस के राष्ट्रपति भवन (एलीसी पैलेस) ने सफाई दी। उन्होंने इसे कोई विवाद नहीं बल्कि एक निजी, मजाकिया पल बताया। वहीं राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘यह वह क्षण था जब राष्ट्रपति और उनकी पत्नी दौरे की शुरुआत से पहले थोड़ा हल्का-फुल्का मूड बना रहे थे। यह करीबी और मस्ती भरा पल था।’ वहीं एक अन्य अधिकारी ने फ्रांस के न्यूज चैनल बीएफएमटीवी को बताया, ‘यह हल्की नोकझोंक थी, कोई गंभीर बात नहीं।’