देहरादून। बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव जारी है। मतदान सुबह आठ से शाम छह बजे तक होगा।सभी मतदान केंद्रों तक पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। बदरीनाथ से भाजपा ने पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी को प्रत्याशी बनाया गया है। भंडारी लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
बदरीनाथ विधानसभा में मतदान का क्या रहा प्रतिशत ?
जनपद चमोली में बदरीनाथ विधानसभा में 105 मतदेय स्थलों से वेबकास्टिंग की जा रही है। बदरीनाथ विधानसभा के मतदेय स्थलों पर प्रातः 6ः30 बजे मॉक पोल शुरू हुए। मॉक पोल के पश्चात सुबह 8.00 बजे से मतदान प्रारंभ हो चुका है। बदरीनाथ विधानसभा उप चुनाव में पहले एक घंटे में 9.00 बजे तक 7.62 प्रतिशत मतदान हुआ।
क्या है मंगलौर विधानसभा का हाल ?
रुड़की के मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 8:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस पीएससी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।
कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के समर्थकों में हुई झड़प
मंगलौर विधानसभा उप चुनाव में पहले एक घंटे में 9.00 बजे तक 8.74 प्रतिशत मतदान हुआ। मंगलौर विधानसभा के उपचुनाव में लिब्बरहेडी के बूथ नंबर 54 पर कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। मंगलौर के लिब्बरहेड़ी गांव में बूथ संख्या 54 पर कुछ लोग मतदान करने के लिए जा रहे थे। जब वह मतदान केंद्र के परिसर में पहुंचे तो यहां पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनको वापस जाने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि वह लोग नहीं चाहते थे कि मतदान किया जाए। इस बात को लेकर बड़ी बहस शुरू हो गई। जब तक पुलिस कुछ समझ पाती, उससे पहले ही जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिसके कारण लोगों के बीच भगदड़ मच गई। पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। इसके बाद एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, एसपी क्राइम पंकज गैरोला कई सीओ एवं थानाध्यक्ष को लेकर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को लाठियों से भांजकर दूर खदेड़ दिया। पुलिस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस दौरान चार लोग घायल हुए है फिलहाल मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। इसको लेकर उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी गई है। लोगों को निर्भय होकर मतदान करने के लिए आश्वस्त किया गया है।
read more: UCC कानून की विशेष रिपोर्ट क्यों नहीं किया सार्वजनिक ? जानिए क्या है उत्तराखंड सरकार का प्लान